उदयपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली कराया, सघन तलाशी जारी !
उदयपुर।
शहर के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया और वहां मौजूद वकीलों, परिवादियों व स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। कोर्ट परिसर के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए और सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीमों ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। हर संदिग्ध स्थान और कोने की बारीकी से जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कोर्ट प्रशासन को ईमेल के जरिए धमकी मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस और साइबर टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। फिलहाल इसे शरारती तत्व की हरकत माना जा रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है।
घटना के बाद कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है और जांच जारी है।