T News Rajasthan उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र के मन्देसर गांव में आबादी क्षेत्र के बीच पैंथर के तीन शावक मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सुरेश मेघवाल के पशु बाड़े में पैंथर के बच्चों को देखा, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। टीम मौके पर पहुंची और इलाके का जायजा लिया। वन विभाग ने अभी शावकों को रेस्क्यू नहीं किया है। टीम का मानना है कि पैंथर की मां आसपास ही मौजूद हो सकती है। ऐसे में शावकों को तुरंत हटाना जोखिम भरा हो सकता है। पैंथर की मां को पकड़ने के लिए मौके पर पिंजरा लगाया गया है और टीम लगातार निगरानी कर रही है। वहीं आबादी क्षेत्र में पैंथर के शावक मिलने के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। फिलहाल वन विभाग की टीम मां पैंथर को पकड़ने और शावकों को सुरक्षित रेस्क्यू करने में जुटी है।