रिपोर्ट- जतिन माली
उदयपुर। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘जागृति अभियान’ के तहत हाथीपोल थाना पुलिस की ओर से गुरुवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुरु गोविंद सिंह तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विशिष्ट रेजीडेंसी, मधुबन पहुंचकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक नुकसान की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। पुलिस ने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। विद्यार्थियों को नशे से बचने के उपाय बताते हुए किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ से दूर रहने की समझाइश दी गई।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपातकालीन सहायता के लिए 112, साइबर फ्रॉड की स्थिति में 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा महिला हेल्पलाइन 1090 की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति अथवा परेशानी में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल सहायता ली जा सकती है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों को राजकोप सिटीजन ऐप डाउनलोड करने तथा इसके माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। पुलिस ने ऐप की उपयोगिता समझाते हुए लोगों से तकनीक के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को पुलिस के संपर्क सूत्र भी उपलब्ध करवाए, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस तक आसानी से पहुंचाई जा सके। पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज में भी नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाएं।
हाथीपोल पुलिस के इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।