NSUI संगठन में बड़ा फेरबदल, अल्पेश गोस्वामी को मिली चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी

चित्तौड़गढ़, 14 मई। राजस्थान की छात्र राजनीति में सक्रिय एनएसयूआई संगठन ने चित्तौड़गढ़ जिले में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए अल्पेश गोस्वामी को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन महासचिव मुकेश नराणिया द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार यह नियुक्ति की गई। अल्पेश गोस्वामी को लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने, छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष करने और मजबूत संगठनात्मक पकड़ के चलते यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अल्पेश गोस्वामी वर्तमान में एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव एवं उदयपुर प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे हैं। इससे पहले वे एनएसयूआई नगर अध्यक्ष के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। छात्र राजनीति में उनकी सक्रियता और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए संगठन ने उन पर भरोसा जताया है। बताया जा रहा है कि आगामी छात्रसंघ राजनीति और संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए यह नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है।

एनएसयूआई से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अल्पेश गोस्वामी की नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए इसे संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा।

जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद अल्पेश गोस्वामी ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। साथ ही पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना, निवर्तमान नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा, डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन किया जाएगा तथा छात्र हितों के लिए लगातार संघर्ष जारी रहेगा।

आपके लिए हालिया खबरें