डॉ. अलका मूंदड़ा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत, मेवाड़ से बड़े दायित्व पर मिली नई जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

रिपोर्टर- गिरीराज सारस्वत

उदयपुर/जयपुर।
भारतीय जनता पार्टी राजस्थान प्रदेश की नई कार्यकारिणी की घोषणा आज प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कर दी। कार्यकारिणी में मेवाड़ को बड़ा प्रतिनिधित्व देते हुए भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अलका मूंदड़ा को प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया गया। मनोनयन की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

घोषणा होते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डॉ. मूंदड़ा के उदयपुर स्थित निवास पर पहुँचे और उन्हें बधाइयाँ दीं। इसी दौरान विवाह समारोह में लेकसिटी पहुँचे भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया भी सीधे उनके निवास पर पहुँचे और शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

भाजपा मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि विद्यार्थी जीवन से ही डॉ. मूंदड़ा छात्र राजनीति से जुड़ी रही हैं। वर्ष 1991 में वे जयपुर की महारानी कॉलेज की महासचिव रहीं।
महापौर के सीधे चुनाव जब पहली बार होने जा रहे थे, तब उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बनने हेतु अपना आवेदन भी दिया था। इसके बाद वे निरंतर उदयपुर की राजनीति में सक्रिय रहीं और संगठन में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराती रहीं।

उनकी कार्यक्षमता व संगठनात्मक कौशल को देखते हुए उन्हें महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष, फिर महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री, प्रदेश महामंत्री तथा वर्ष 2020 से 2023 तक भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वर्तमान में वे नाथद्वारा विधानसभा प्रभारी के रूप में कार्यरत थीं।

आज उनकी सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और लंबे अनुभव को देखते हुए प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने उन्हें भाजपा राजस्थान की नई कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया।
मनोनयन को लेकर मेवाड़ भाजपा में हर्ष का माहौल है और कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय को संगठन के लिए मजबूती का कदम बताया है।

आपके लिए हालिया खबरें