T News Rajasthan उदयपुर। टीडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रसव कराने वाली महिलाओं के परिजनों से कथित तौर पर 1200 और 500 रुपए लेने के आरोप लगाए जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी अस्पताल में प्रसव सेवाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था। ऐसे में लगाए जा रहे आरोपों की वास्तविकता स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में संस्थागत प्रसव के दौरान प्रसूता को निर्धारित सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने का प्रावधान है। ऐसे में अब जांच का विषय यह है कि वीडियो में दिखाई जा रही राशि किस वजह से ली गई और क्या यह किसी निर्धारित सेवा से संबंधित थी। स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ होगी।