T News Rajasthan उदयपुर। हाथीपोल चौराहे स्थित अरवाना मॉल में बिजली कनेक्शन को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। फर्स्ट फ्लोर की दुकान नंबर 101 में स्वतंत्र बिजली कनेक्शन देने पहुंची बिजली विभाग की टीम का मॉल प्रबंधन ने विरोध किया। परिसर में मीटर लगाने की अनुमति नहीं मिलने पर विभाग ने मॉल के बाहर सड़क किनारे बिजली के खंभे पर मीटर लगा दिया।
इस दौरान महिला दुकानदार मदीना अली और मॉल प्रबंधन के बीच तीखी बहस हुई। हंगामा बढ़ने पर हाथीपोल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
मदीना अली का आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद उन्हें स्वतंत्र बिजली कनेक्शन नहीं दिया जा रहा था। उनके अनुसार, 13 अगस्त को उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम ने उनके पक्ष में फैसला देते हुए बिजली कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए थे। वहीं, मॉल प्रबंधन ने परिसर में बिना अनुमति मीटर लगाने का विरोध किया।
इधर, एईएन जिनेश जैन ने बताया कि कोर्ट के निर्देश के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए मॉल के बाहर खंभे पर मीटर लगाया गया है। हालांकि फिलहाल दुकान का कनेक्शन चालू नहीं हो सका है। विभाग के अनुसार अब खंभे से दुकान तक वायर जोड़कर बिजली कनेक्शन लिया जा सकता है।