उदयपुर देहात कांग्रेस का “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” अभियान मावली से शुरू !
रिपोर्टर- मोहम्मद यासर
उदयपुर, 2 अप्रैल।
प्रदेश में चल रहे “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” जन-जागरण अभियान के तहत उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को मावली विधानसभा क्षेत्र से अभियान की शुरुआत की।
उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने अभियान के दौरान आयोजित बैठक में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “पर्ची सरकार पूरी तरह अक्षम हो चुकी है और लोकतंत्र को खत्म करने पर तुली है।”

जिला कांग्रेस के डॉ. संजीव राजपुरोहित ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक यह जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य पंचायत राज और नगर निकाय चुनाव टालने के सरकार के फैसले का विरोध करना और आमजन को इसके प्रभाव से अवगत कराना है।
मीणा ने आरोप लगाया कि सरकार ने पंचायती राज और नगर निकाय संस्थाओं में प्रशासक नियुक्त कर लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि पुरानी और त्रुटिपूर्ण वोटर लिस्ट के आधार पर चुनाव कराने की तैयारी असंवैधानिक है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब एसआईआर की फाइनल सूची आ चुकी है, तो जनवरी 2025 की मतदाता सूची के आधार पर पंचायत और वार्डों का गठन क्यों किया गया। साथ ही उन्होंने 1900 करोड़ रुपये के ग्रामीण विकास बजट के लैप्स होने पर भी सरकार को घेरा।

मीणा ने कहा कि सरकार चुनाव टालकर अपनी संभावित हार से बचने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए “सड़क से सदन तक” संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में पुष्कर डांगी, लक्ष्मीनारायण पंड्या, नरेंद्र चंडालिया, राजेंद्र गोखरू, महेंद्र सिंह राणावत सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभियान की शुरुआत मावली और खेमली ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के संयुक्त तत्वावधान में की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन ने भाग लिया।