बांसवाड़ा में डिवाइडर से टकराई कार, एयरबैग से बची जान:कुशलबाग मैदान के पास बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

बांसवाड़ा में बाइक सवार को बचाने की कोशिश में एक कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एयरबैग्स खुलने से ड्राइवर की जान बच गई। हादसे के बाद कार जवाहर पुल तक पहुंचकर बंद हो गई, जिससे कुछ देर यातायात प्रभावित रहा।

हादसा मंगलवार रात करीब 12 बजे कुशलबाग मैदान के पास हुआ।

अचानक सामने आई बाइक, खोया संतुलन

जानकारी के अनुसार, कार सवार राम कुमार अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वे कुशलबाग मैदान के पास पहुंचे, अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में उन्होंने कार से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे डिवाइडर में जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग मौके पर दौड़कर पहुंच गए।

एयरबैग खुले और ड्राइवर सुरक्षित

हादसे के बाद कार की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया था, लेकिन ड्राइवर राम कुमार को गंभीर चोट नहीं आई।

राम कुमार ने बताया- टक्कर होते ही एयरबैग्स तुरंत खुल गए और उन्होंने पूरे शरीर को कवर कर लिया। उन्होंने कहा कि अगर कार में यह सुरक्षा फीचर नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया।

जवाहर पुल पर रुकी कार, लगा जाम

टक्कर के बाद कार कुछ दूरी तक चलती हुई जवाहर पुल तक पहुंची, जहां इंजन में खराबी आने के कारण बंद हो गई। पुल के बीचों-बीच कार खड़ी होने से राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और यातायात प्रभावित होने लगा।

सूचना मिलते ही राजतालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

आपके लिए हालिया खबरें