रिपोर्टर- मोहम्मद यासर
उदयपुर। दीपावली की रात शहर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खून-खराबे में बदल गया। शराब के नशे में धुत स्कॉर्पियो सवार युवकों ने एक युवक का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल युवक की पहचान संजय बंजारा के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद बंजारा समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

दीपावली की खुशी बनी दहशत
जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात हिरणमगरी थाना क्षेत्र स्थित बंजारा बस्ती में संजय बंजारा अपने साथियों के साथ दीपावली मना रहा था। इसी दौरान एक काली स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से वहां से गुजरी। संजय ने गाड़ी को धीरे चलाने की बात कही, लेकिन इसी बात पर विवाद बढ़ गया। स्कॉर्पियो सवार युवक संजय से उलझ पड़े और कहासुनी के बाद वहां से चले गए।
करीब आधे घंटे बाद वही स्कॉर्पियो दोबारा लौटी। इस बार वाहन में सवार युवक शराब के नशे में थे। उनमें से एक, जो संजय को पहले से जानता था, उसे बहाने से कार में बैठा लिया और केवड़े की नाल की तरफ ले गया। वहां संजय के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, यहां तक कि चाकू से भी हमला किया गया। हमले में उसके चेहरे, सिर और हाथ पर गहरे घाव आए। गंभीर हालत में संजय को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
समाज में उबाल, नेताओं ने की निंदा
घटना की सूचना मिलते ही बंजारा समाज के लोग बड़ी संख्या में हिरणमगरी थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की। स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिस पर पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त जाप्ता बुलाया।
सूचना मिलने पर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ और कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ भी मौके पर पहुंचे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने घटना को प्रशासन की नाकामी बताते हुए कहा कि दीपावली जैसे त्योहार पर गरीब दलित युवक को घर से उठाकर पीटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

वहीं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डॉ. सीमा चंपावत ने बताया कि पुलिस और राजनीतिक प्रतिनिधियों की मध्यस्थता से स्थिति को शांत किया गया। उन्होंने कहा कि किसी निर्दोष को बख्शा नहीं जाएगा और कानून अपना काम करेगा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद हिरणमगरी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो की भी तलाश जारी है।
एसपी योगेश गोयल के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थानाधिकारी ने बताया कि पीड़ित के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इलाज जारी, न्याय की मांग पर अडिग समाज
इस बीच घायल संजय बंजारा का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है। समाज के लोग अस्पताल और थाने दोनों जगह डटे हुए हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में है।
दीपावली की रात हुई इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि त्योहार की खुशियां कब और कैसे हिंसा के साये में बदल जाती हैं।