आबुरोड़ नगरपालिका में टेंडर घोटाले की गूंज – रावण दहन आयोजन पर 70 लाख खर्च, जनता के पैसों की खुली लूट !

पिछले साल 9 लाख में हुआ था आयोजन, इस बार 10 गुना बढ़ा बजट… चहेतों के नाम पर बांटे गए टेंडर, दो महीने बाद खत्म हो रहा कार्यकाल, जाते-जाते लुटाई जा रही नगर की गाढ़ी कमाई….

संवाददाता- अमित बैरवा

आबुरोड़ ! नगरपालिका पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। इस बार मामला है रावण दहन आयोजन का। जानकारी के अनुसार, नगरपालिका अध्यक्ष और अधिशाषी अधिकारी ने इस बार अपने चहेतों को खुश करने के लिए टेंडरों की बंदरबांट कर दी है। पिछले साल इसी आयोजन पर मात्र 9 लाख रुपये खर्च हुए थे। लेकिन इस बार अचानक खर्च को 10 गुना बढ़ाकर 70 लाख रुपये कर दिया गया है। यह फैसला न सिर्फ जनता की जेब पर बोझ डाल रहा है, बल्कि पूरे शहर में चर्चा का विषय भी बना हुआ है।

नगरपालिका अध्यक्ष और अधिशाषी अधिकारी पर आरोप है कि आयोजन का टेंडर उन्होंने अपने नजदीकी ठेकेदारों को ही दिया। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर क्यों इस आयोजन का खर्चा इतना ज्यादा दिखाया जा रहा है? क्या यह जनता के टैक्स का खुला दुरुपयोग नहीं है?

शहर के आमजन भी सवाल कर रहे हैं कि जब पिछले साल सबकुछ महज 9 लाख में संभव हो गया था, तो इस बार 70 लाख रुपये की जरूरत क्यों पड़ रही है? क्या जनता के पैसे को योजनाबद्ध तरीके से लूटने का प्रयास किया जा रहा है? गौरतलब है कि नगरपालिका अध्यक्ष और पार्षदों का कार्यकाल महज दो महीने में समाप्त होने वाला है। ऐसे में चर्चाएं तेज हैं कि जाते-जाते किसी भी कीमत पर नगरपालिका को खाली करने की साजिश रची जा रही है।

अब देखना यह होगा कि क्या इस पूरे मामले पर उच्च अधिकारी संज्ञान लेंगे? क्या अधिशासी अधिकारी और नगरपालिका अध्यक्ष के खिलाफ जांच होगी? या फिर रावण के नाम पर यह लूट यूं ही चलती रहेगी? जनता की निगाहें अब प्रशासन और सरकार पर टिकी हुई हैं।

आपके लिए हालिया खबरें